Bareilly News: साइबर पुलिस ने 8 लाख की ठगी में से 5.50 लाख रुपये पीड़ित के खाते में कराए वापस
Bareilly News: बरेली जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए एक बुजुर्ग नागरिक को बड़ी राहत दिलाई है। बैंक अधिकारी बनकर जालसाजों द्वारा की गई 8 लाख रुपये की साइबर फ्रॉड की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5,50,000 रुपये (पांच लाख पचास हजार रुपये) पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस (रिवर्स) करा दिए हैं।
व्हाट्सएप के जरिए झांसे में लेकर की गई थी ठगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस (कोतवाली) निवासी नरेश चंद्र सूद ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद बैंकिंग सेवाओं के नाम पर उनके जरूरी दस्तावेज और ओटीपी हासिल कर खाते से 8 लाख रुपये उड़ा लिए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (अपराध) के निर्देशों पर साइबर थाना पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर पोर्टल IC4, संबंधित बैंकों व अन्य एजेंसियों से तत्काल समन्वय स्थापित किया। पुलिस टीम ने वित्तीय लेनदेन (मनी ट्रेल) का पीछा करते हुए जालसाजों के खातों में फंसी 5.50 लाख रुपये की राशि को फ्रीज कराकर पीड़ित के खाते में वापस कराया। पुलिस का कहना है कि शेष राशि जो एटीएम के माध्यम से निकाली गई है, उसकी रिकवरी के प्रयास भी तेजी से किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: 15 अगस्त से पहले मुंबई में हमले की धमकी, मेयर को मिला ई-मेल, जांच शुरू

