अब WhatsApp पर उम्र छिपाना होगा मुश्किल, Age Verification फीचर की टेस्टिंग शुरू
WhatsApp Age Verification: भारत में करोड़ों लोगों के बीच इस्तेमाल होने वाले WhatsApp में जल्द एक नया बदलाव देखने को मिल सकता है। Meta के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग प्लेटफॉर्म फिलहाल भारत में कुछ चुनिंदा यूजर्स के साथ Age Verification फीचर का परीक्षण कर रहा है। कंपनी के अनुसार, यह अभी सीमित स्तर का पायलट टेस्ट है और इससे सामान्य यूजर्स के मौजूदा इस्तेमाल में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
क्यों हो रही उम्र की जांच
भारत में डिजिटल डेटा और बच्चों की ऑनलाइन प्राइवेसी से जुड़े नियमों को मजबूत किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए WhatsApp कुछ यूजर्स से उनकी जन्मतिथि या उम्र की पुष्टि करने के लिए कह रहा है। इसे Digital Personal Data Protection (DPDP) Act के तहत भविष्य की जरूरतों के लिए सिस्टम तैयार करने की कवायद माना जा रहा है।
कंपनी का कहना है कि Age Verification को इस तरह तैयार किया जा रहा है, जिससे यूजर्स की निजी जानकारी सुरक्षित रहे। उम्र से जुड़ी जानकारी दूसरे WhatsApp यूजर्स के साथ शेयर नहीं की जाएगी।
अभी सभी के लिए जरूरी नहीं
फिलहाल यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए लागू नहीं की गई है। चुनिंदा लोगों पर इसका परीक्षण चल रहा है और सामने आने वाला प्रॉम्प्ट अभी अनिवार्य नहीं है। WhatsApp का कहना है कि इससे सामान्य चैटिंग या ऐप के इस्तेमाल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
DPDP Act के तहत नाबालिगों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। ऐसे में WhatsApp भविष्य के नियमों के अनुरूप अपनी व्यवस्था तैयार कर रहा है। कंपनी के मुताबिक, Age Verification से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उम्र संबंधी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
Also Read: Pilibhit News: पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज था पति, सास की हत्या कर भूसे में जलाया शव

