गंदे नाले में केले धोने का Video वायरल, सावन में आस्था से खिलवाड़ के आरोप, जांच में जुटा प्रशासन
Banana Vendor Viral Video: गाजियाबाद के लोनी इलाके से सामने आए एक वायरल वीडियो ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वीडियो में कुछ लोग नाले के गंदे पानी में केले धोते दिखाई दे रहे हैं। सावन (Sawan) के दौरान सामने आई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि दूषित पानी में धोए गए इन केलों को बाद में बाजार में बेच दिया जाता है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इसकी सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
Viral Video वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में एक युवक केले के गुच्छों को नाले के काले और दूषित पानी में बार-बार डुबोता नजर आ रहा है। वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग उन केलों को निकालकर प्लास्टिक की क्रेट में भरते दिखाई देते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन केलों को पास के एक गोदाम में ले जाया जाता है और बाद में बाजार में बेच दिया जाता है। इसी आधार पर लोगों ने पूरे मामले की जांच की मांग उठाई है।
देखें वीडियो…
सावन में बढ़ा लोगों का गुस्सा
घटना ऐसे समय सामने आई है, जब सावन के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रख रहे हैं और फलाहार में केले का सेवन करते हैं। इसी वजह से वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह केवल खाद्य सुरक्षा (Food Safety) का मामला नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने गोदाम की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
मामले के तूल पकड़ने के बाद एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि Viral Video पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
फिलहाल पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम वीडियो की सत्यता, संबंधित गोदाम और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: AC कोच में जला दिया दीया-अगरबत्ती! चलती ट्रेन में पूजा का Video Viral, सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल

