बलिया में उमाशंकर सिंह को अंतिम विदाई, बेटे ने दी मुखाग्नि, उमड़ा जनसैलाब

Umashankar Singh: बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा के लगातार तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनकी अंतिम यात्रा में 20 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। इस दौरान समर्थक और आम लोग ‘उमाशंकर सिंह अमर रहें’ के नारे लगाते रहे। पैतृक गांव खनवर से करीब 45 किलोमीटर दूर गंगा घाट पर शाम 5:30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे प्रिंस युकेश ने मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार से पहले खनवर गांव में पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। मंत्री और उनके समधी दिनेश प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

दिल्ली से बलिया तक उमड़ा जनसैलाब

उमाशंकर सिंह का बुधवार शाम दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हुआ था। वह 55 वर्ष के थे और लंबे समय से ब्रेन कैंसर से जूझ रहे थे। इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे, लेकिन बीमारी चौथे स्टेज तक पहुंच चुकी थी।

गुरुवार को पार्थिव शरीर दिल्ली से लखनऊ लाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा प्रमुख मायावती समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। मायावती इस दौरान भावुक दिखीं। देर रात पार्थिव शरीर बलिया पहुंचा। करीब 400 वाहनों का काफिला साथ चला और रात में भी 30 हजार से अधिक लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

परिवार में पत्नी, बेटी और बेटा

उमाशंकर सिंह के परिवार में पत्नी पुष्पा सिंह, बेटी यामिनी और बेटा प्रिंस युकेश हैं। यामिनी की शादी 2019 और युकेश की शादी 2024 में हुई। युकेश की पत्नी कनिका सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी हैं। इस शादी में मायावती भी शामिल हुई थीं। पुष्पा सिंह उनकी कंपनी सी.एस. इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड की एमडी और प्रिंस युकेश सीईओ हैं।

Also Read: अब WhatsApp पर उम्र छिपाना होगा मुश्किल, Age Verification फीचर की टेस्टिंग शुरू 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.