PM मोदी से मिले राघव चड्ढा, बताया ‘यादगार सुबह’, पंजाब चुनाव से पहले बढ़ी हलचल
Raghav Chadha meet PM Modi: आम आदमी पार्टी से भारतीय जनता पार्टी में आए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीरें साझा कीं और इस मुलाकात को ‘यादगार सुबह’ बताया।
उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। चड्ढा ने बताया कि दोनों के बीच विस्तृत और ज्ञानवर्धक चर्चा हुई। उन्होंने पीएम मोदी के समय, समझ और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि मुलाकात में किन मुद्दों पर बातचीत हुई।
पंजाब चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक चर्चा
राघव चड्ढा के पीएम मोदी से मिलने के बाद पंजाब की राजनीति में अटकलें तेज हो गई हैं। हाल ही में आप से भाजपा में आए पंजाब के 6 राज्यसभा सांसदों को लेकर भी चर्चा रही है। कुछ दिन पहले पीएम मोदी ने राज्यसभा सांसदों के साथ मुलाकात के दौरान चड्ढा और आप से भाजपा में आए अन्य सांसदों से भी बातचीत की थी।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और भाजपा के पूर्व सहयोगी सुखबीर सिंह बादल ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं, हालांकि अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।
राघव चड्ढा को लेकर क्यों हैं कयास
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आप की जीत में राघव चड्ढा ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन पार्टी के प्रचार में सक्रिय रहे थे। मान सरकार के शुरुआती दौर में उन्हें पंजाब की राजनीति का प्रमुख चेहरा माना जाता था।
अब चड्ढा भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा जरूर है, लेकिन भाजपा की ओर से अभी ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।

