Siddharthnagar News: गुरु रविदास के समरसता और भाईचारे का संदेश गांव-गांव पहुंचाएगी कलश यात्रा

Siddharthnagar News: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं पावन जयंती के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर से आरंभ हुई ‘श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प कलश वंदन यात्रा’ के सिद्धार्थनगर पहुँचने पर श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व एवं भव्य स्वागत किया। पावन मिट्टी और पवित्र कलश के साथ निकली इस रथ यात्रा का जनपद में जगह-जगह जोरदार अभिनंदन किया गया।

जगदंबिका पाल और भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया पूजन

सांसद जगदंबिका पाल और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने वैदिक रीति-रिवाज से भजन-पूजन कर पावन कलश एवं रथ यात्रा की आगवानी की। इसके बाद यात्रा को शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने संपूर्ण मानव समाज को सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और परस्पर भाईचारे की राह दिखाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरुदेव के महान विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के ध्येय से यह यात्रा गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचेगी, जिससे समाज एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त करेगा।

कपिलवस्तु में उल्लास, नगर भ्रमण में उमड़े श्रद्धालु

शोहरतगढ़ विधानसभा के कपिलवस्तु क्षेत्र में पहुँचने पर साधना चौधरी और पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी (लाल बाबा) के नेतृत्व में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पवित्र कलश का वंदन-पूजन किया। इसके बाद पूरे उत्साह और जयकारों के बीच कलश को नगर भ्रमण कराया गया। रथ यात्रा के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी के समानता और समरसता के संदेश को अपने जीवन में उतारने और उसे हर नागरिक तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अभियान संयोजक आशीष शुक्ला, फतेहबहादुर सिंह, पवन मिश्रा, फूलचंद जायसवाल, रामनारायण, अनुराग श्रीवास्तव, रमेश मणि त्रिपाठी, मिथिलेश अग्रहरि, नगर अध्यक्ष सतीश रस्तोगी, मनोज लोधी सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: ‘पाकिस्तानी दिल से भारतीयों के दुश्मन नहीं’, भारत-पाक संबंधों पर मोहन भागवत का बड़ा बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.