झारखंड में 16वें दिन भी छात्रों का हल्लाबोल, आज दोपहर 12 बजे होगी तीसरे दौर की निर्णायक वार्ता
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों के विरोध में अभ्यर्थियों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन में प्रवेश कर गया है। सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए आज (रविवार) दोपहर 12 बजे तीसरे दौर की औपचारिक वार्ता होने जा रही है।
इससे पूर्व शुक्रवार और शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर गठित चार मंत्रियों सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव की समिति के साथ हुई दो दौर की बातचीत पूरी तरह बेनतीजा रही थी।
लिखित समझौते के बिना पीछे हटने को तैयार नहीं छात्र
छात्र प्रतिनिधियों और छात्र नेताओं (रवींद्र कुमार पासवान एवं देवेंद्र नाथ महतो) का साफ कहना है कि अब सिर्फ मौखिक आश्वासनों पर आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस और लिखित आदेश जारी नहीं करती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
छात्रों की प्रमुख मांगों में 14वीं JPSC सिविल सेवा (रेगुलर एवं बैकलॉग) परीक्षा रद्द हो, वर्ष 2024 की JSSC CGL परीक्षा को तुरंत निरस्त किया जाए, टीडीपीएल (TDPL) एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए, आयोग की पूरी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने के लिए बुनियादी सुधार हों शामिल हैं।
परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने अभ्यर्थियों और युवाओं से ईमेल के जरिए सुझाव मांगे हैं। हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों का मानना है कि यह उनकी मुख्य मांगों से ध्यान भटकाने का प्रयास है और यह उनकी मांगों का विकल्प नहीं हो सकता।
24 घंटे का अल्टीमेटम, कल होगा विधानसभा का घेराव
छात्रों ने सरकार को रविवार तक का समय दिया है। यदि आज दोपहर 12 बजे की वार्ता में कोई ठोस और संतोषजनक लिखित समाधान नहीं निकलता, तो तय कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी 11 अगस्त को अलग से विधानसभा मार्च की घोषणा कर रखी है। ऐसे में आगामी 24 से 36 घंटे राज्य सरकार और आंदोलनकारी युवाओं के रुख को देखते हुए बेहद नाजुक और महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
Also Read: IND vs SL: टीम इंडिया को इस गेंदबाज से रहना होगा सावधान, श्रीलंका में आंकड़े बेहद खतरनाक

