ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का वीडियो आया सामने, अफवाहों को ईरानी मीडिया ने किया खारिज

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी अटकलों के बीच एक नया मोड़ आया है। जहाँ एक तरफ इजरायली मीडिया उनकी नाजुक स्थिति और वेंटिलेटर पर होने का दावा कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ ईरानी मीडिया ने मुज्तबा खामेनेई का एक ताजा वीडियो जारी कर तहलका मचा दिया है।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘मेहर न्यूज’ और रूसी सरकारी मीडिया ‘RT’ द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में मुज्तबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ दिख रहे हैं और अपने वरिष्ठ सहयोगियों के साथ किसी विषय पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं।

इजरायली मीडिया के दावों पर पानी फिरा

इससे पहले शुक्रवार को इजरायली मीडिया ‘चैनल 14’ और ‘द जेरूसलम पोस्ट’ ने खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि मुज्तबा की हालत अत्यंत गंभीर है। इजरायली आउटलेट्स ने यहाँ तक कह दिया था कि अगर जल्द ही उनकी शहादत की खबर आए तो कोई हैरानी नहीं होगी।

गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद मुज्तबा ने बागडोर संभाली थी। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही वे किसी सार्वजनिक मंच पर नजर नहीं आए थे, जिससे उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की खबरें फैल रही थीं।

एयरस्ट्राइक में चेहरा झुलसने और छिपने की थी खबरें

हालिया रिपोर्टों में यह कयास लगाए जा रहे थे कि अपने पिता के ठिकाने पर हुए शुरुआती हमले में मुज्तबा का चेहरा झुलस गया था और वे खुद को अमेरिकी जासूसी सैटेलाइट्स से बचाने के लिए अंडरग्राउंड हो गए थे। यहाँ तक कि ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी एक टीवी इंटरव्यू में माना था कि सुप्रीम लीडर से सीधा संपर्क साधना बेहद कठिन है। इसके अलावा, सऊदी मीडिया ‘अल-हदाथ’ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों में भी यह दावा किया गया था कि ईरान की सैन्य लीडरशिप खत्म हो चुकी है और खामेनेई कार्य करने में सक्षम नहीं हैं।

ईरान का दावा, मामूली चोटें थीं, पूरी तरह सक्रिय हैं खामेनेई

ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय और सरकारी अधिकारियों ने हमेशा से पश्चिमी और इजरायली खुफिया एजेंसियों के दावों को खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती हमले में मुज्तबा को सिर्फ मामूली चोटें आई थीं। अब नया वीडियो सामने आने के बाद ईरानी प्रशासन ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि देश के सर्वोच्च नेता पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

Also Read: झारखंड में 16वें दिन भी छात्रों का हल्लाबोल, आज दोपहर 12 बजे होगी तीसरे दौर की निर्णायक वार्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.