UP में AI वॉर शुरू, ‘यूपी बदनाम हुआ…’ के पलटवार में अखिलेश के ‘चिलम’ वाली वीडियो से मचा घमासान
AI War Politics in UP: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) से पहले सियासी बयानबाजी के साथ अब AI Video भी राजनीतिक हथियार बनते नजर आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाए गए एक वीडियो को लेकर BJP ने तीखी आपत्ति जताई है।
मामला तब गरम हुआ, जब अखिलेश यादव ने पहले भाजपा समर्थक सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर किए गए एक AI वीडियो का जिक्र किया और उसके जवाब में दूसरा वीडियो दिखाया। इस वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) को चिलम पीते हुए दिखाया गया था और मंदिर की दानपेटी से चोरी का दृश्य भी था।
‘यूपी बदनाम हुआ…’ गाने से शुरू हुआ विवाद
Akhilesh Yadav ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें यह वीडियो किसी व्यक्ति ने भेजा है और यह समाजवादी पार्टी का वीडियो नहीं है। वीडियो में गाने के बोल ‘यूपी बदनाम हुआ, बाबा तेरे मारे…’ थे।
यह वीडियो उस AI Video के जवाब में सामने आया, जिसे BJP समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट्स ने शेयर किया था। उसमें अखिलेश यादव को ‘टीपू’ बताते हुए ‘यूपी बदनाम हुआ, टीपू तेरे मारे…’ जैसे बोल इस्तेमाल किए गए थे।
भाजपा ने लगाया सनातन के अपमान का आरोप
वीडियो को लेकर UP BJP ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने साधु-संतों, सनातन परंपरा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का अपमान किया है। भाजपा ने इसे अखिलेश यादव की ‘एंटी-सनातन’ मानसिकता बताया।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल (Jagadambika Pal) ने भी Akhilesh Yadav पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें गरिमा बनाए रखनी चाहिए। पाल ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस तरह दिखाना क्या उचित है।
सपा ने भी किया पलटवार
भाजपा की आपत्ति के बाद समाजवादी पार्टी ने एक और AI Video पोस्ट किया, जिसमें योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) को लेकर हमला जारी रखा गया। पार्टी ने इसके साथ लिखा- ‘उत्तर प्रदेश धुएं से घुट रहा है।’
भाजपा महासचिव सुब्रत पाठक (Subrat Pathak) ने भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ सिर्फ मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि संत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि AI वीडियो के जरिए सपा की सोच सामने आई है।
वहीं Akhilesh Yadav ने साफ कहा कि अगर भाजपा AI के जरिए उनके खिलाफ गाने बनाती है, तो समाजवादी पार्टी भी गानों से उसका जवाब देगी। ऐसे में चुनाव से काफी पहले ही यूपी की राजनीति में AI Video और गानों के जरिए नया वार-पलटवार शुरू हो गया है।
Also Read: ‘जाति का चश्मा पहनकर UP की व्यवस्था को उल्टा-पुल्टा करने में लगे हैं’, अखिलेश पर बरसे जयंत चौधरी

