दिल्ली में छात्रों के लिए बनेंगे सुरक्षित और किफायती पीजी, एलजी ने डीडीए को जमीन तलाशने के दिए निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिरने से हुए हादसे में छात्रों की मौत के बाद शासन और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इस दुखद घटना के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। बुधवार को उन्होंने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के शीर्ष अधिकारियों के साथ राजनिवास में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान एलजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दिल्ली में छात्रों के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और किफायती पीजी (पेइंग गेस्ट) तथा हॉस्टल बनाने हेतु तुरंत उपयुक्त भूमि की तलाश की जाए।

यूनिवर्सिटी प्रशासन को साथ लेकर बने एक्शन प्लान

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए के वाइस चेयरमैन सरवन कुमार से अपने कार्यालय में मुलाकात कर पीजी की वैकल्पिक व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। एलजी ने डीडीए को आदेश दिया कि उचित भूमि चिन्हित करने के बाद एक ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि इस कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिकारियों को भी साथ जोड़ा जाए। इसके साथ ही नए मास्टर प्लान के तहत शहर भर में आधुनिक और सुरक्षित हॉस्टल फैसिलिटी तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।

इस महत्वपूर्ण बैठक की जानकारी उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर डीडीए अधिकारियों के साथ बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए दी। एलजी ने लिखा कि दिल्ली प्रशासन का मुख्य ध्यान छात्रों को सुरक्षित, बेहतर और वाजिब दरों पर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध और जर्जर भवनों में रह रहे छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जल्द ही उन्हें एक सुरक्षित विकल्प मुहैया कराया जाएगा।

Also Read: पूर्व आईएएस डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारतीय अभिनेत्री फिरदौस बानो कांग्रेस में शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.