यूपी में बारिश से खराब सड़कों पर सीएम योगी सख्त, तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ से खराब हुई सड़कों को जल्द चलने लायक बनाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बरसात अभी जारी है। इसलिए सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों में बड़ी संख्या में लोग यात्रा करेंगे। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने पर्वों से पहले जरूरी मरम्मत पूरी कराने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति सिर्फ पैचवर्क तक सीमित न रहे। अभी सड़क को मोटरेबल बनाया जाए और बारिश के बाद जरूरत के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

681 प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता

बैठक में बताया गया कि अतिवृष्टि के अलावा एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे की निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से भी सड़कें खराब हुई हैं। सर्वे के आधार पर विभागवार गड्ढामुक्ति लक्ष्य तय किए जाएंगे।

गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिह्नित किए गए हैं।

50 हजार किलोमीटर सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

अभियान में नौ विभागों की करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें शामिल हैं। लक्ष्य 50 हजार किलोमीटर मार्गों को गड्ढामुक्त करना है, जिसमें 5,751 किलोमीटर काम पूरा हो चुका है। करीब 30 हजार किलोमीटर नवीनीकरण और 5 हजार किलोमीटर विशेष मरम्मत का लक्ष्य है। अब तक क्रमशः 14 हजार और 700 किलोमीटर काम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों और सरकारी कार्यालयों के आसपास की सड़कों पर तत्काल काम शुरू कराने को कहा। बैठक में कई मंत्री और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: गोमती नगर में एलिमेंट्स मार्शल आर्ट्स अकादमी का स्थापना दिवस, 14 ब्लैक बेल्ट सम्मानित 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.