शाहजहांपुर में घर में घुसा 8 फीट का मगरमच्छ, 3 घंटे के रेस्क्यू के बाद नदी में छोड़ा
Shahjahanpur News: शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे एक बड़ा मगरमच्छ घर के अंदर घुस गया। अचानक सामने मगरमच्छ देखकर परिवार और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि उसने किसी ग्रामीण पर हमला नहीं किया।
अंधेरा होने के कारण लोगों ने टॉर्च की रोशनी में मगरमच्छ पर नजर रखी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने कपड़ा डालकर काबू किया
वन विभाग की टीम पहुंचती, उससे पहले ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद उसके मुंह पर कपड़ा डाल दिया गया, ताकि वह देख न सके। इसके बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मिलकर उसके मुंह को रस्सी से बांधा।
मगरमच्छ के शरीर को भी रस्सियों से जकड़ दिया गया। करीब एक दर्जन ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे उसे घर से बाहर खींचा। लगभग तीन घंटे की मेहनत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
गर्रा नदी में छोड़ा गया मगरमच्छ
वन विभाग के एसडीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में मदद की। मगरमच्छ को आबादी से दूर ले जाकर गर्रा नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ आबादी की ओर आ रहे हैं। तीन दिन पहले लाल इमली चौराहे के पास भी मगरमच्छ दिखाई दिया था। इससे गांवों में डर का माहौल बना हुआ है।
Also Read: यूपी में बारिश से खराब सड़कों पर सीएम योगी सख्त, तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश

