Shahjahanpur News: हाईवे पर कंटेनर का कहर, ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर नगरिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो लोगों को पीछे से रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव डींगुरपुर की महिला ग्राम प्रधान का बेटा भी शामिल है।
रिश्तेदार की बीमारी का हाल जानने जा रहे थे मृतक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब ग्राम डींगुरपुर की प्रधान सावित्री के 40 वर्षीय पुत्र जसपाल सिंह और उनके 60 वर्षीय रिश्तेदार पदम सिंह बाइक से जा रहे थे। जसपाल अपने बहनोई की बीमार मां को देखने के लिए तिलहर के गांव खेड़ा बझेड़ा जा रहे थे। नगरिया मोड़ के पास पीछे से आए अनियंत्रित कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और कंटेनर का भारी पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।
पुलिस की कार्रवाई और जाम की स्थिति
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। नगरिया पुलिस चौकी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शवों को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाधित यातायात को सुचारू कराया।
इंस्पेक्टर जुगलकिशोर पाल ने बताया कि पुलिस ने घातक कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलते ही मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में छाया मातम
जसपाल और पदम सिंह की मौत की खबर जैसे ही डींगुरपुर गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक बीमार रिश्तेदार की कुशलक्षेम पूछने निकले दो लोगों की इस तरह मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

