शाहजहांपुर में युवक की मौत के बाद हंगामा, महिलाओं ने पुलिस से की धक्का-मुक्की
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 25 वर्षीय उमेश की संदिग्ध मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर तिलहर-निगोही मार्ग पर पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों से धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने पुलिस पर पत्थर फेंके और चप्पलें भी दिखाईं।
मौके पर मीरानपुर कटरा, जैतीपुर, खुदागंज और तिलहर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक चले विवाद के बाद एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की जांच का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
पुलिस पर मारपीट का भी आरोप
नबियापुर गांव के उमेश पर कुछ दिन पहले सोलर पैनल चोरी का आरोप लगा था। बुधवार को उसका शव फंदे से लटका मिला था। परिजनों ने राममूर्ति, देवेंद्र, प्रेमचंद, अशोक और सत्यवान पर हत्या का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।
परिजनों ने बिरसिंहपुर चौकी प्रभारी अरुण गौतम और सिपाही पिंटू पर उमेश से मारपीट का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने अशोक की गिरफ्तारी, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
पुलिस ने क्या कहा
हंगामे के दौरान कोतवाल प्रिंस शर्मा की वर्दी खींचने और उनके कंधे पर पत्थर लगने की बात सामने आई है। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उमेश का अंतिम संस्कार भी हो गया है। पुलिस पर लगे आरोपों की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: E20 Petrol के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे राहुल गांधी! कहा- ‘दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है’

