शाहजहांपुर में मिलावट पर कार्रवाई, 90 कुंतल सौंफ और 611 लीटर तेल सीज, कलर मिलने पर FIR

Shahjahanpur Food Department Raid: शाहजहांपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने शनिवार को कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ सीज किए। कार्रवाई में 90.93 कुंतल सौंफ, 611 लीटर खाद्य तेल, 120 किलो वेजफैट, 71 किलो कोकोनट पाउडर और 70 किलो कलर जब्त किया गया। मिलावटी कलर मिलने के मामले में FIR भी दर्ज कराई गई है।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। SDM जलालाबाद मधुसूदन गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी जलालाबाद और सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 की मौजूदगी में 15 अंतरजनपदीय टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों की जांच की। मुख्य रूप से घी, सौंफ, खाद्य तेल और नमकीन की दुकानों को जांच के दायरे में रखा गया।

कई प्रतिष्ठानों से सौंफ और तेल सीज

नौसारा स्थित आनंद घी स्टोर से घी का नमूना लिया गया। मोहल्ला कानूनगोयान में श्री महाराजा स्वामी एग्रो से सरसों तेल का नमूना लेकर 73 लीटर तेल सीज किया गया। नौसारा के श्री बालाजी इंटरप्राइजेज से भी 538 लीटर सरसों तेल जब्त किया गया।

बरेली रोड के अंबेडकर नगर स्थित आरके ट्रेडिंग कंपनी से सौंफ के दो नमूने लेकर 2,348 किलो सौंफ सीज की गई। पुरानी राइस मिल स्थित शिव कुमार के प्रतिष्ठान से सौंफ का नमूना लेने के साथ हरे और पीले कलर के नमूने भी लिए गए। यहां 5,185 किलो सौंफ और 70 किलो कलर सीज किया गया। कलर मिलने के मामले में FIR दर्ज कराई गई।

सरैया मोड़ स्थित अशोक ट्रेडर्स से सौंफ के दो नमूने लेकर 1,560 किलो सौंफ सीज की गई। इसके अलावा मेन रोड मालूपुर में विनायक इंटरप्राइजेज से सेव और बूंदी के नमूने लिए गए। करसूखेड़ा में नंदन ट्रेडिंग कंपनी से भी सौंफ का नमूना लिया गया।

लाखों रुपये का सामान जब्त

गुलरिया स्थित वीके फूड प्रोडक्ट इंडस्ट्रीज से कच्ची घानी सरसों तेल, कोकोनट पाउडर और कुकिंग मीडियम वेजफैट के नमूने लिए गए। यहां 120 किलो वेजफैट और 71 किलो कोकोनट पाउडर सीज किया गया। नगरिया हॉस्पिटल के पास सौंफ के एक प्रतिष्ठान और याकूबपुर में मनोज व संजीव कुमार के प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा कर आगे की जांच के लिए कार्रवाई की गई।

विभाग के मुताबिक, सीज की गई सौंफ की कीमत करीब 10 लाख रुपये, खाद्य तेल की कीमत करीब एक लाख रुपये, वेजफैट की कीमत 25,200 रुपये और कोकोनट पाउडर की कीमत 21,300 रुपये है। अभियान के दौरान कुल 16 नमूने लिए गए।

Also Read: लखनऊ जिला कोर्ट परिसर में वकीलों के अवैध चैंबरों पर चला नगर निगम का बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.