बांदा में युवक को पहले पीटा, फिर करंट देकर मार डाला, झाड़ियों में मिला शव
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा और अमरोहा में हत्या की दो सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं। बांदा में बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसे करंट लगाकर मार डाला। इसके बाद शव को तालाब किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। वहीं अमरोहा में होटल कर्मचारी की हत्या कर पेट्रोल डालकर शव और बाइक जला दी गई।
बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव में रविवार सुबह तालाब किनारे झाड़ियों में 25 वर्षीय उमेश वर्मा का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में चोटों और करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उमेश के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। पिता के मुताबिक उमेश शनिवार रात नशे की हालत में घर से निकला था।
अमरोहा में पहचान मिटाने के लिए शव जलाया
अमरोहा के दीपपुर गांव में रविवार सुबह खेत में एक युवक का लहूलुहान और अधजला शव मिला। पास में बाइक भी जली हुई थी। खेत पर पहुंची महिलाओं ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान पति रोहतास सिंह को दी। पुलिस ने बाइक के नंबर से करीब चार घंटे बाद मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुकेश पुत्र सुखराम खड़गवंशी के रूप में की।
मुकेश हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित एक होटल में काम करता था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के सुखवीर और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार वारदात रुपयों के लेन-देन के विवाद में हुई। आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।

