लखनऊ यूनिवर्सिटी में सिक्योरिटी गार्ड हटाने पर छात्रों का प्रदर्शन, बहाली की मांग
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में सिक्योरिटी गार्डों को नौकरी से हटाए जाने के विरोध में सोमवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर कई छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता जुटे। NSUI और युवजन सभा के छात्रों ने नारेबाजी करते हुए हटाए गए गार्डों को दोबारा काम पर रखने की मांग की। प्रदर्शन में नौकरी गंवाने वाले सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल हुए।
छात्रों का कहना है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक गेट पर नारेबाजी होती रही।
60 फीसदी गार्ड हटाने की तैयारी का आरोप
गार्डों ने कुलसचिव को पत्र देकर हिंद सिक्योरिटी फोर्स पर मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना कुलसचिव की अनुमति किसी कर्मचारी को हटाने का आदेश नहीं है। इसके बावजूद एजेंसी ने कई गार्डों को हटा दिया है और करीब 60 प्रतिशत गार्डों को हटाने की तैयारी की जा रही है।
गार्डों के अनुसार, वे लगभग 12 वर्षों से विश्वविद्यालय में काम कर रहे हैं। इस दौरान उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं हुई। एजेंसी का कहना है कि तय मानक पूरा नहीं करने वाले गार्डों को हटाया जाएगा। वहीं कर्मचारियों ने सभी मानक पूरे करने की इच्छा जताई है।
दूसरे पदों पर समायोजन की मांग
गार्डों ने बताया कि विश्वविद्यालय में चौकीदार समेत कई पद खाली हैं। ऐसे में योग्य कर्मचारियों को इन पदों पर समायोजित किया जाए। उनका कहना है कि अचानक नौकरी जाने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कुलसचिव से नौकरी बचाने और सभी गार्डों के हितों की रक्षा करने की अपील की है।
Also Read: बांदा में युवक को पहले पीटा, फिर करंट देकर मार डाला, झाड़ियों में मिला शव

