दिशा सालियन केस में CBI ने दर्ज की FIR, आदित्य ठाकरे समेत कई नाम जांच के घेरे में

Disha Salian Case: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में CBI ने सोमवार को FIR दर्ज की है। रिपोर्ट में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे का नाम भी शामिल है। इसके अलावा अभिनेता डिनो मोरिया, सूरज पंचोली और रिया चक्रवर्ती समेत कई लोगों की भूमिका जांच के दायरे में है।

FIR में हत्या, गैंगरेप, आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने और गलत जानकारी देने जैसी धाराओं का उल्लेख किया गया है। एजेंसी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों, डॉक्टरों और पोस्टमार्टम स्टाफ की भूमिका की जांच की बात कही है।

उद्धव ठाकरे पर भी लगाए गए आरोप

CBI की FIR में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और अन्य लोगों ने मामले को दबाने में भूमिका निभाई। सरकारी रिकॉर्ड, फाइलों और दस्तावेजों को नष्ट करने, उनमें हेरफेर करने और आरोपियों को बचाने के लिए सरकारी मशीनरी के गलत इस्तेमाल के आरोप भी लगाए गए हैं। ये सभी आरोप हैं, जिनकी जांच CBI करेगी।

दिशा के पिता सतीश सालियन ने CBI के सामने बयान दर्ज कराया है। उनकी याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2 सितंबर को जांच CBI को सौंपी थी। कोर्ट ने छह साल तक FIR दर्ज नहीं होने पर मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।

2020 में हुई थी दिशा की मौत

दिशा सालियन की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत हुई थी। उस समय पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला सामने आया। सुशांत केस में CBI ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर आत्महत्या की बात कही थी, लेकिन उस रिपोर्ट पर अदालत में अभी सुनवाई नहीं हुई है।

Also Read: लखनऊ यूनिवर्सिटी में सिक्योरिटी गार्ड हटाने पर छात्रों का प्रदर्शन, बहाली की मांग 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.