जनता दर्शन में CM योगी का सख्त संदेश, पुलिस लापरवाही और भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश
CM Yogi: लखनऊ में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की शिकायतें ध्यान से सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार हर उचित समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री खुद कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजे।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, तेजी और संतुष्टि के साथ किया जाए। उन्होंने हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और जरूरतमंदों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस शिकायतों पर सख्त हुए योगी
जनता दर्शन में पुलिस से जुड़ी शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस आयुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना, चौकी और बीट स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हर मामले में दोषियों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई करने को कहा।
बच्चों से मिले, चॉकलेट देकर दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने पढ़ाई और उनकी रुचियों के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने के साथ खेल, संगीत और कला जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेने की सलाह दी। इसके बाद सीएम ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

