भारत आएगी पाकिस्तान की हॉकी टीम, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में होगी दोनों की टक्कर
Pakistan Hockey Team India Tour: पाकिस्तान की हॉकी टीम अगले महीने भारत का दौरा करेगी। पंजाब में होने वाली पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत और पाकिस्तान समेत छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। हॉकी इंडिया ने सोमवार, 14 सितंबर को टूर्नामेंट की तारीखों और आयोजन स्थलों का ऐलान किया। प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेली जाएगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट की आधिकारिक घोषणा की। इस दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव, कार्यकारी बोर्ड सदस्य आरपी सिंह और हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली भी मौजूद रहे।
जालंधर में ओपनिंग, मोहाली में फाइनल
टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह और लीग चरण के मुकाबले जालंधर में होंगे। वहीं सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें उतरेंगी। ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीम के तौर पर रखा गया है। किसी टीम के हटने पर इनमें से किसी एक को शामिल किया जा सकता है।
भारत-पाकिस्तान सीरीज पर CM मान का बयान
पाकिस्तान की भागीदारी पर भगवंत मान ने कहा कि बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में दोनों देशों के खेलने में कोई परेशानी नहीं है। हालांकि, भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज की संभावना नहीं है। दोनों देशों के बीच तनाव के कारण द्विपक्षीय खेल संपर्क पर रोक है, लेकिन बहुराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मुकाबले की अनुमति है।
अब एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर दर्शकों में खास उत्साह है।
Also Read: यूपी बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 121 BEO समेत कई कर्मचारियों के तबादले, पढ़ें पूरी लिस्ट

