लखनऊ: पूर्व प्रधान-बेटे पर 25-25 हजार का इनाम, फर्जी आधार से जमीन हड़पने का आरोप

Lucknow Land Fraud Case: लखनऊ के मोहनलालगंज में जमीन की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान और उसके बेटे पर बड़ी कार्रवाई की है। सिसेंडी गांव के पूर्व प्रधान राजेश कुमार जायसवाल उर्फ राजू जय जायसवाल (Rajesh Kumar Jaiswal) और उसके बेटे अमन जायसवाल (Aman Jaiswal) पर पुलिस ने सोमवार को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।

आरोप है कि दोनों ने मृत जमीन मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कराकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन का बैनामा कराया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद दोनों पूछताछ के लिए सामने नहीं आए।

दूसरे व्यक्ति को बनाया जमीन मालिक

शिकायत के मुताबिक, सिसेंडी गांव में सुरेश कुमार पुत्र श्रीकृष्ण के नाम दर्ज जमीन को फर्जी तरीके से बेचने की योजना बनाई गई। असली मालिक की जगह हीरालाल नाम के व्यक्ति को सुरेश कुमार बनाकर पेश किया गया। इसके बाद उसका जाली आधार कार्ड तैयार कराया गया और जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई।

मामले में 20 नवंबर 2024 को गाटा संख्या 35 की करीब 0.329 हेक्टेयर जमीन का बैनामा सन्नो खान के नाम किया गया था। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को गाटा संख्या 400, 408 और 1046क की करीब 0.341 हेक्टेयर जमीन अमन जायसवाल के नाम कराई गई।

गवाहों ने पहचानने से किया इनकार

परिजनों को जमीन के फर्जीवाड़े की जानकारी होने के बाद तहसील की जनसुनवाई और पुलिस में शिकायत की गई। जांच के दौरान बैनामे में दर्ज गवाहों के बयान लिए गए। गवाहों ने सुरेश कुमार के तौर पर पेश किए गए व्यक्ति को पहचानने से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे राजेश जायसवाल के कहने पर वहां पहुंचे थे।

इस मामले (Lucknow Land Fraud Case) में पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी किसान बने हीरालाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस पूर्व प्रधान और उसके बेटे की तलाश के साथ फर्जी आधार कार्ड, जमीन के दस्तावेज और बैनामे से जुड़े अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

Also Read: लखनऊ वालों ध्यान दें! गणेश उत्सव में 10 दिन बदला रहेगा ट्रैफिक, देख लें पूरा डायवर्जन रूट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.