महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला कार चालक राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को अपनी रफ्तार का शिकार बनाकर मौके से भागने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा है। गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा जिले से हिरासत में लिया। उल्लेखनीय है कि दुर्घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य पीड़िता की सुपरबाइक में लगे फ्रंट कैमरे में कैद हो गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो के व्यापक रूप से वायरल होने और जन आक्रोश के बाद पुलिस हरकत में आई और साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) को शामिल किया।

पीछा किया, बदसलूकी की और फिर मार दी टक्कर

पीड़ित राइडर सिया के मुताबिक, वह रविवार की सुबह अपनी अप्रिलिया RS 457 बाइक से साथियों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। आरोप है कि एक बेकाबू कार में सवार युवकों ने पहले उनके साथ हुड़दंग और बदसलूकी की, फिर काफी दूर तक उनका पीछा करते रहे। जब सिया अपनी लेन में सामान्य रफ्तार से चल रही थीं, तब कार चालक ने पीछे से सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि सिया बाइक समेत सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गईं। घटना के बाद जब साथियों ने कार को रोकने की कोशिश की, तो चालक अपनी गलती मानने के बजाय उलझने लगा। इसके बाद आरोपी नशे की हालत में रेड लाइट जंप कर मौके से रफूचक्कर हो गया। भाग्यवश, बॉडी गियर्स और सुरक्षा उपकरणों के कारण सिया को मामूली चोटें ही आईं।

पुलिस जांच तेज, कालकाजी स्थित घर पहुंची टीम

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में शिकायत दर्ज कर इलाके के दर्जनों CCTV फुटेज खंगाले। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस टीम पीड़िता के दिल्ली स्थित कालकाजी आवास पर भी पहुंची। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: कर्नाटक में फ्रिज फटने से घर में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.