अफरीदी के बयान पर भड़के आकाश चोपड़ा, बोले- लड़कियों को मौका दो तो लड़कों से बेहतर खेलेंगी
Aakash Chopra: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार, 13 सितंबर 2026 को श्रीलंका को 72 रनों से हराकर एशिया कप का खिताब जीत लिया। भारत ने आठवीं बार ट्रॉफी अपने नाम की। हालांकि, जीत के बाद भारतीय टीम ट्रॉफी लिए बिना लौट गई। एशियन क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से टीम ने इनकार कर दिया। इससे पहले सूर्यकुमार यादव भी ऐसा कर चुके हैं।
आकाश चोपड़ा ने अफरीदी को घेरा
ट्रॉफी विवाद के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शाहिद अफरीदी के उस कथित बयान पर नाराजगी जताई, जिसमें महिला खिलाड़ियों को क्रिकेट के बजाय घर का काम करने की बात कही गई थी।
चोपड़ा ने कहा कि अगर पाकिस्तान की महिला टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है, तो इसके लिए क्रिकेट बोर्ड से सवाल होने चाहिए। खिलाड़ियों को ताने देने के बजाय बेहतर मौके, ट्रेनिंग और सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “एक बार बराबरी के मौके देकर देखो, हो सकता है लड़कियां लड़कों से बेहतर खेल जाएं।” चोपड़ा ने चेतावनी दी कि ऐसी सोच जारी रही तो महिला क्रिकेट आगे नहीं बढ़ पाएगा।
पाकिस्तान क्रिकेट पर भी कटाक्ष
आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान की महिला और पुरुष टीम पर लगे दंड का भी जिक्र किया। महिला टीम पर एशिया कप सेमीफाइनल में धीमे ओवर रेट के कारण 50 प्रतिशत जुर्माना लगा था। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में धीमे ओवर रेट के चलते पाकिस्तान के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक काटे गए।
उन्होंने पाकिस्तान की स्थिति को “कंगाली में आटा गीला” जैसा बताया और मोहसिन नकवी पर ट्रॉफी देने की जिद को लेकर तंज कसा।
Also Read: शाहरुख खान ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट को बताया शानदार, बोले- टीम ने किया कमाल

