बिजनौर में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी, हत्या या सुसाइड की गुत्थी में उलझी पुलिस

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पति-पत्नी के शव अलग-अलग जगह मिलने से सनसनी फैल गई। पति का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव गंगा किनारे झाड़ियों में पड़ा था। दोनों शवों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मामला जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर जलालपुर काजी गांव का है। यहां रहने वाला देशराज उर्फ छोटे (40) लकड़ी काटने का काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी सुषमा (37), दो बेटे और दो बेटियां हैं।

सोमवार को लकड़ी काटने निकले थे

परिजनों के अनुसार, देशराज सोमवार सुबह करीब 10 बजे पत्नी सुषमा के साथ नहर की पटरी पर लकड़ी काटने गया था। दोनों पिछले तीन दिनों से लगातार इसी जगह जा रहे थे। सोमवार को देर तक घर नहीं लौटे तो परिवार ने तलाश शुरू की।

जंगल में दरांती और चप्पल मिलीं, लेकिन दंपती का पता नहीं चला। पुलिस को सूचना देने के बाद रात तक तलाश जारी रही। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे देशराज का शव पेड़ पर मिला। कुछ देर बाद सुषमा का शव गंगा किनारे झाड़ियों में बरामद हुआ।

हत्या या पति की आत्महत्या, दो एंगल पर जांच

देशराज की बहन मोनी ने हत्या का आरोप लगाया है। बेटी कशिश ने भी माता-पिता की हत्या की बात कही। वहीं, पुलिस दो पहलुओं पर जांच कर रही है। पहला, दोनों की हत्या की गई। दूसरा, देशराज ने पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की।

एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Also Read: नोएडा में 480 करोड़ की लागत से बने एलिवेटेड रोड का हिस्सा धंसा, 10 फीट गहरे गड्ढे की होगी जांच 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.