सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम ललित चौधरी का निधन

Basti News: बस्ती जिले की रुधौली विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहे और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम ललित चौधरी का निधन हो गया है। वह पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां 17 सितंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही बस्ती और प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले राम ललित चौधरी घर में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।

दोपहर 12 बजे पैतृक गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर

पूर्व विधायक के निधन से सुभासपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और रुधौली क्षेत्र की जनता में गहरा शोक व्याप्त है। उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ‘परसा लाल शाही’ लाया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तक पार्थिव शरीर गांव पहुंचने की संभावना है, जहां स्थानीय लोग, समर्थक और विभिन्न दलों के नेता उनके अंतिम दर्शन कर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

2023 में सुभासपा में हुए थे शामिल

राम ललित चौधरी लंबे समय तक बस्ती और उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे। रुधौली विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक चुने गए चौधरी का क्षेत्र में व्यापक प्रभाव था। साल 2023 में वे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में शामिल हुए थे, जहां उनकी वरिष्ठता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा था। उनके निधन को क्षेत्रीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

ALso Read: लालबागचा राजा के दर्शन कर भावुक हुए रणवीर सिंह, 1000 बेटियों की पढ़ाई का लिया संकल्प

Get real time updates directly on you device, subscribe now.