Lucknow News: ICU से स्वस्थ लौटे मरीजों और परिजनों का हुआ सम्मान

Lucknow News: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग ने 17 सितंबर को अपना स्थापना दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया। समारोह की शुरुआत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर से हुई, जिसमें विभाग एवं संस्थान के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना और जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में योगदान के लिए लोगों को प्रेरित करना था।

इस अवसर पर विभाग ने ICU से स्वस्थ होकर घर लौटे मरीजों के साहस और संघर्ष को सम्मानित किया। साथ ही कठिन दौर में मरीजों के साथ मजबूती से खड़े रहने वाले उनके परिवारजनों के धैर्य और समर्पण का भी अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में करीब 10-12 ICU सर्वाइवर्स और उनके परिवारजन शामिल हुए। उन्होंने चिकित्सकों और स्टाफ की देखभाल के प्रति आभार जताया तथा ICU में भर्ती रहने के दौरान के अपने अनुभव साझा किए।

ICU से स्वस्थ लौटे मरीजों और परिजनों का हुआ सम्मान

स्टाफ के समर्पण को भी मिला सम्मान

संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्थान विभाग में बेड क्षमता बढ़ाने की दिशा में सक्रिय रूप से प्रयास कर रहा है। उन्होंने गंभीर मरीजों की देखभाल में विभाग की भूमिका की सराहना की।

कई सर्वाइवर्स ने अपनी कठिन यात्रा के अनुभवों को सहज और हास्यपूर्ण अंदाज में साझा किया। परिवारजनों ने ICU में अपने प्रियजनों के भर्ती रहने के दौरान झेले गए भावुक और चुनौतीपूर्ण दौर को भी साझा किया। सभी ने विभागीय चिकित्सकों और स्टाफ की करुणा, मार्गदर्शन तथा निरंतर प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह में ICU में पर्दे के पीछे निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने वाले स्टाफ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। विभाग की ओर से सर्वाइवर्स, उनके परिवारजनों और स्टाफ को छोटे-छोटे उपहार प्रदान किए गए।

Also Read: राघव चड्ढा का आप पर तंज, बोले- एक्स-गर्लफ्रेंड जैसी हालत, चिंता है मेरी याद में नस न काट लें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.