बच्चों को सिख इतिहास और गुरुओं के योगदान की जानकारी होनी जरूरी: संधू

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी (यहियागंज) में आयोजित एक विशेष समारोह में नई दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल एवं पूर्व वरिष्ठ राजनयिक सरदार तरनजीत सिंह संधू शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले सिख समाज को अपने बच्चों को बेहतर व उच्च शिक्षा दिलाने के साथ-साथ सिख इतिहास, गुरु साहिबान की पावन शिक्षाओं और समाज सुधारकों के अतुलनीय योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है।

तेजा सिंह समुंदरी की स्मृति में आयोजित हुआ कार्यक्रम

यह स्वागत समारोह सिख धार्मिक सुधारक, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संस्थापक एवं ऐतिहासिक गुरुद्वारा सुधार आंदोलन के पुरोधा स्व. भाई तेजा सिंह समुंदरी की स्मृति में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सरदार संधू ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका और नवम पातशाही श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के हस्तलिखित पावन हुक्मनामों के दर्शन किए। लखनऊ के विभिन्न गुरुद्वारों और सेवा सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने उन्हें सरोपा व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में श्री सुखमणि साहिब सेवा संस्थान के अध्यक्ष सरदार कृपाल सिंह ऐबट ने सरदार संधू का स्वागत करते हुए कहा कि उनका लखनऊ आगमन सिख समाज के लिए अत्यंत गौरव की बात है। अपने संबोधन में सरदार संधू ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि विद्यार्थी असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लें और निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने युवा सिखों से अपनी क्षमता को पहचानकर राष्ट्र व समाज के निर्माण में सकारात्मक योगदान देने की अपील की।

साहिबजादों के बलिदान को पाठ्यक्रम में शामिल करने की पहल

समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिख समाज की भावना के अनुरूप बाल दिवस को साहिबजादों के बलिदान से जोड़ने और उनके गौरवशाली इतिहास को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई पीढ़ी को गुरुओं के इतिहास से जोड़ना शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और पहचान को मजबूत करने का मुख्य माध्यम है।

Also Read: ममता बनर्जी को मिला फुटबॉल खिलाड़ी का सिंबल, तो बागी गुट को लिफाफा चुनाव चिन्ह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.