Bareilly News: भोजीपुरा पुलिस ने अफीम के साथ 2 तस्करों को किया गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। भोजीपुरा थाना पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान हाईवे किनारे सर्विस रोड से दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से 377 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है।
17 सितंबर की रात करीब 9:22 बजे उप-निरीक्षक पवन कुमार अपनी पुलिस टीम (हेड कांस्टेबल परमानंद, कांस्टेबल संजय सागर, प्रवीण कुमार और विनीत) के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान भूड़ा सैदपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया और तलाशी लेने पर उनके पास से 377 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जाहिद उर्फ अंडा (निवासी ग्राम टाह, थाना नवाबगंज, हाल निवासी अंधी गौटिया, भोजीपुरा) और अनवार अहमद उर्फ मुन्ना (निवासी वार्ड नं. 5 धौराटांडा, भोजीपुरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना भोजीपुरा पर मु.अ.सं. 751/26 धारा 8/18 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।
कड़ाई से की गई पूछताछ में तस्करों ने कुबूल किया कि उन्होंने यह अफीम हाईवे पर एक अनजान ट्रक चालक से खरीदी थी। वे अफीम को घर ले जाकर उसकी छोटी-छोटी गोलियां (पुड़िया) बनाकर अलग-अलग इलाकों में फुटकर दामों में बेचते थे। घटना वाले दिन भी वे अफीम की खेप लेकर घर की तरफ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
जाहिद उर्फ अंडा: इसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, जानलेवा हमला (धारा 307) और आर्म्स एक्ट सहित भोजीपुरा, भुता और नवाबगंज थानों में करीब 7 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अनवार अहमद उर्फ मुन्ना: इस पर पूर्व में भी भोजीपुरा थाने में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पाकिस्तान में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका, 15 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

