2.10 करोड़ के बीमे के लिए पिता ने कराई बेटे की हत्या, पांच लोगों पर लगा गैंगस्टर एक्ट

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 2.10 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम के लालच में बेटे की हत्या कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुन्दरकी पुलिस ने आरोपी पिता बाबूराम शर्मा, अधिवक्ता आदेश कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह आर्थिक लाभ के लिए हत्या जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देता था।

पिता ने बेटे की हत्या की रची साजिश

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह के अनुसार, गैंगस्टर केस में बाबूराम शर्मा को गिरोह का सरगना बताया गया है। उसके साथ अधिवक्ता आदेश कुमार, असलम उर्फ सुल्तान, तहब्बुर मेवाती और साजिद मेवाती को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बाबूराम और आदेश ने अनिकेत शर्मा (30) के नाम पर 2.10 करोड़ रुपये की टाटा कंपनी की बीमा पॉलिसी कराई थी। इसके बाद बेटे की हत्या के लिए असलम उर्फ सुल्तान को 3.50 लाख रुपये की सुपारी दी गई।

रॉड से हत्या कर खेत में फेंका शव

16 नवंबर 2025 की रात कुन्दरकी क्षेत्र में जैतपुर के पास खेत में अनिकेत का खून से लथपथ शव मिला था। शुरुआत में परिवार ने इसे हादसा बताया था। जांच में हत्या का खुलासा हुआ। 4 दिसंबर 2025 को पुलिस ने बाबूराम, साजिद, असलम और तहब्बुर को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अनिकेत को अगवा कर कुन्दरकी लाया और रॉड से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में फेंका और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।

गैंगस्टर कार्रवाई के लिए पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर डीएम से अनुमोदन लिया। सभी आरोपी हत्या के मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर हैं और गैंगस्टर केस में उनकी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

Also Read: पाकिस्तान में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका, 15 की मौत, 50 से ज्यादा घायल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.