इंडिया फूड एक्सपो-2026 में बोले केशव प्रसाद मौर्य, यूपी बनेगा खाद्य प्रसंस्करण का प्रमुख केंद्र

Lucknow News: राजधानी के रेगलिया ग्रीन्स में आयोजित इंडिया फूड एक्सपो-2026 के 11वें संस्करण का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने एक्सपो में लगाई गई विभिन्न औद्योगिक स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों, व्यावसायिक अनुभवों तथा बचत के मॉडलों को समझा।

संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य की डबल इंजन सरकार कृषि उपज के मूल्यवर्धन, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के भीतर निवेश, तकनीक, रोजगार और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार दिलाने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

खाद्य प्रसंस्करण नीति और बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण

राज्य सरकार की नई खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति के तहत निवेशकों को पूंजीगत अनुदान, ब्याज सब्सिडी और स्टाम्प शुल्क में राहत दी जा रही है। प्रदेश में मेगा फूड पार्क, एग्रो-प्रोसेसिंग क्लस्टर और कोल्ड चेन नेटवर्क का विस्तार कर आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को खेत से बाजार तक मजबूत किया जा रहा है।

बोले केशव प्रसाद मौर्य, यूपी बनेगा खाद्य प्रसंस्करण का प्रमुख केंद्र

महिला सशक्तिकरण और युवाओं को स्वरोजगार

पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़कर महिला स्वयं सहायता समूहों को अचार, पैक्ड फूड और मिलेट्स (श्री अन्न) आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण पर 35% तक का अनुदान दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी के रूप में पहचान बना रही हैं। वहीं, ‘मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना’ और जिला स्तरीय कौशल प्रशिक्षण के जरिए एग्रो-स्टार्टअप्स को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए लाखों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं।

पहले दिन के तीन प्रमुख तकनीकी सत्र

सत्र 1 (विकसित भारत 2047): IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल और अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप बंसल ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में MSME की भूमिका पर विचार रखे।

सत्र 2 (वित्तीय संस्थानों का मंथन): सिडबी, एसबीआई और अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने खाद्य उद्योगों को सुलभ ऋण और वित्तीय सहायता प्रदान करने पर चर्चा की।

सत्र 3 (आइडिया टू स्केल): IDFC द्वारा आयोजित पैनल डिस्कशन में उद्योग विशेषज्ञों ने फूड बिजनेस को बड़े पैमाने पर ले जाने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव श्रम डॉ. एमके शनमुगा सुंदरम, विशेष सचिव खाद्य प्रसंस्करण राजकमल यादव, एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक दिपेश राज, IIA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक अग्रवाल, आईएफएक्स अध्यक्ष विकास खन्ना सहित कई गणमान्य अतिथि व उद्यमी उपस्थित रहे।

Also Read: OTS में लखनऊ नगर निगम सबसे आगे, 6.50 करोड़ रुपये की गृहकर वसूली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.