यूपी के 5 जिलों में बनेंगे नए टेक्सटाइल पार्क, अगले महीने कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव
UP Textile Parks: उत्तर प्रदेश में कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पांच नए संत कबीर टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए मऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, सीतापुर और रायबरेली में जमीन चिह्नित की गई है। इन जगहों पर मुख्य रूप से बंद कताई मिलों की जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा।
हस्तशिल्प, खादी एवं वस्त्रोद्योग विभाग ने जिलाधिकारियों से चिह्नित जमीन की पैमाइश कराकर रिपोर्ट मांगी है। इससे पार्क के वास्तविक क्षेत्रफल का निर्धारण होगा। जमीन कम पड़ने पर अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रस्ताव अगले महीने होने वाली कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा।
अहमदाबाद-सूरत के उद्यमी भी इच्छुक
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में टेक्सटाइल पार्कों में निवेश को लेकर उद्यमियों ने रुचि दिखाई है। अहमदाबाद, सूरत और मुंबई के कुछ कारोबारी भी यहां निवेश करना चाहते हैं। उनके उत्पाद उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड तक जाते हैं।
अधिकारियों के अनुसार यूपी में अपेक्षाकृत सस्ता श्रम और उद्योग के लिए अनुकूल माहौल निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। गुजरात और महाराष्ट्र में औद्योगिक जगह की कमी के कारण भी यूपी में निवेश की संभावना बढ़ी है।
पहले से पांच जगह चल रहा काम
फिलहाल वाराणसी के रमना में 75 एकड़, अमरोहा में 78 एकड़, बरेली के बहेड़ी में 80 एकड़, संतकबीर नगर के मगहर में 50 एकड़ और बिजनौर के नगीना में 53 एकड़ में टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उद्योग की मांग के अनुसार नए पार्क तैयार किए जा रहे हैं। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद वहां आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा।
Also Read; BCCI AGM में 10 बड़े फैसले, IPL गवर्निंग काउंसिल में शामिल हुए 2 नए सदस्य

