दबाव में हैं देश के छात्र, नहीं दिख रहा अपना भविष्य, DUSU में NSUI की हार के बीच राहुल गांधी का बयान
Rahul Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों से सीधे संवाद किया और शिक्षा, रोजगार तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के बिना देश मजबूत नहीं हो सकता। उनके मुताबिक, आज कई छात्रों को अपना भविष्य साफ दिखाई नहीं दे रहा है।
‘छात्र देश का भविष्य हैं’
राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम से ज्यादा महत्वपूर्ण देश के छात्र हैं। उन्होंने कहा कि सवाल पूछना छात्रों का स्वभाव है और उन्हें रोजगार मिलना चाहिए। राहुल ने यह भी कहा कि हर गरीब को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। उनके अनुसार, छात्र इस समय खुश नहीं बल्कि दबाव में हैं।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों का संस्थानों पर प्रभाव है। उन्होंने क्रिकेट प्रशासन के संदर्भ में जय शाह का नाम लेते हुए कहा कि सिस्टम सवाल पूछने वालों के बजाय ‘अंधभक्त’ तैयार करना चाहता है। बता दें कि ये बातें राहुल गांधी ने अपने संबोधन के दौरान कहीं।
DUSU चुनाव में NSUI को नहीं मिली सीट
राहुल का यह कार्यक्रम ऐसे समय हुआ है जब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के नतीजे सामने आए हैं। 2026 के DUSU चुनाव में कांग्रेस समर्थित NSUI चार केंद्रीय पदों में से कोई भी सीट नहीं जीत सकी। ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद जीते, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने जीता।

छात्रों की गूंज का पांचवां संस्करण
राहुल गांधी के नेतृत्व में इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में इस कार्यक्रम के चार संस्करण हो चुके हैं। इस अभियान में पेपर लीक, महंगी शिक्षा, भर्ती में अनियमितता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों से संवाद किया जा रहा है। राहुल गांधी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, इंदौर कार्यक्रम 19 सितंबर को आयोजित किया गया।
Also Read: यूपी में 35 IPS अफसरों का तबादला, दो जिलों के कप्तान बदले, 11 प्रमोटी IPS को मिली जिम्मेदारी

