सिद्धार्थनगर में अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, पीड़ित ने DM दफ्तर पर आत्मदाह की चेतावनी दी

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के लोटन क्षेत्र के भिटपरा गांव के टोला पंडितपुर निवासी सुनील विश्वकर्मा ने बेलहिया चौराहा नौगढ़ स्थित पीएस मेमोरियल हॉस्पिटल एंड शमिष्का आईवीएफ हॉस्पिटल के डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत कर डॉ. सुरजीत यादव और डॉ. अमित नायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सुनील ने न्याय नहीं मिलने पर डीएम कार्यालय में आत्मदाह की चेतावनी भी दी है।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी पिता की हालत

शिकायत के मुताबिक, सुनील ने अपने पिता पंचराम को पित्त की थैली में पथरी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को दोनों डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया और इसके लिए 40 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद पंचराम की हालत बिगड़ने लगी और पीलिया बढ़ता गया।

सुनील का आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद मरीज को छुट्टी दे दी गई। 25 अगस्त को तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें फिर अस्पताल ले जाया गया, जहां गैस्ट्रो विशेषज्ञ को दिखाने की सलाह देकर गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

4.55 लाख रुपये खर्च होने का दावा

शिकायतकर्ता के अनुसार, गोरखपुर में जांच के दौरान डॉक्टरों ने ऑपरेशन में मुख्य नली यानी CBD कटने की बात बताई। मरीज के इलाज में अब तक करीब 4.55 लाख रुपये खर्च होने का दावा किया गया है। सुनील ने इलाज की रकम की भरपाई और अस्पताल के लेनदेन व मेडिकल रिकॉर्ड की जांच की मांग की है।

सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे ने कहा कि शिकायत मिल गई है। जांच के लिए टीम गठित होगी। मरीज की BHT, अस्पताल के अभिलेख और बिना GST बिल के लेनदेन के आरोपों की भी जांच होगी। डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष फिलहाल नहीं मिल सका है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट : ज़ाकिर खान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.