राजधानी के 6 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा-‘दिल्ली को बनाएंगे खालिस्तान’

Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के कम से कम छह स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। स्कूल प्रशासन को ईमेल के जरिए धमकी दी गई। इनमें मध्य दिल्ली के चार स्कूल शामिल हैं। धमकी भरे संदेश में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात भी कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

चाणक्यपुरी के संस्कृति स्कूल, द ब्रिटिश स्कूल और नेवी चिल्ड्रन्स स्कूल समेत कई संस्थानों को सुबह करीब 9:30 बजे धमकी मिली। इसके बाद स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा जांच शुरू की गई।

पांच कॉल भी आईं

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह 9:41 बजे से 11:11 बजे के बीच बम की धमकी से जुड़ी पांच कॉल मिलीं। पहली कॉल हौज खास के मदर इंटरनेशनल स्कूल से आई। इसके बाद 10:34 बजे नेवी चिल्ड्रन्स स्कूल और 10:50 बजे रोहिणी सेक्टर-14 के बाल भारती स्कूल से संबंधित कॉल मिली।

राजेंद्र नगर इलाके के स्प्रिंगडेल्स स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल और बाल भारती पब्लिक स्कूल के साथ करोल बाग के सेंट थॉमस स्कूल और जूनियर्स स्कूल से भी धमकी की सूचना मिली। कमला मार्केट इलाके के सिविक सेंटर को भी ऐसा ईमेल मिला।

तलाशी में नहीं मिला संदिग्ध सामान

सूचना के बाद पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और अन्य एजेंसियों ने परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस को धमकियां फर्जी होने की आशंका है।

इस महीने 15 सितंबर को भी सरदार पटेल विद्यालय, द ब्रिटिश स्कूल, एयर फोर्स बाल भारती और कार्मेल कॉन्वेंट समेत कई स्कूलों को धमकी मिली थी। दिल्ली विधानसभा, सिविक सेंटर और मेयर कार्यालय को भी इस महीने ऐसे ईमेल मिल चुके हैं।

Also Read: बिहार में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, FIR दर्ज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.