बिहार से IIT कानपुर, फिर जापान की क्रिकेट टीम तक पहुंचे अभिषेक आनंद

Sports News: बिहार के रोहतास से निकलकर IIT कानपुर में पढ़ाई करने वाले अभिषेक आनंद ने जापान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम तक का सफर तय किया है।

भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को होने वाले ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले अभिषेक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में जब उनसे बिहारी होने और जापान के लिए क्रिकेट खेलने को लेकर सवाल पूछा गया तो उनका जवाब, ‘बिहारी कहां नहीं है भाई’, चर्चा में आ गया।

हालांकि, भारत के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले में अभिषेक मैदान पर नजर नहीं आएंगे।

जापान की घोषित 15 सदस्यीय टीम में उनका नाम शामिल नहीं है। भारत और जापान के बीच यह पहला पुरुष टी20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा।

IIT कानपुर में भी खेलते थे क्रिकेट

अभिषेक आनंद का क्रिकेट से जुड़ाव जापान पहुंचने के बाद नहीं हुआ। IIT कानपुर में केमिस्ट्री की पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा और संस्थान की टीम की कप्तानी भी की। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी के लिए वह टोक्यो चले गए।

जापान पहुंचने के बाद भी उन्होंने क्रिकेट नहीं छोड़ा। नौकरी के साथ क्लब क्रिकेट खेलते रहे और स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन के दम पर जापान की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई।

2025 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू

28 साल के अभिषेक आनंद ने 9 मई 2025 को कुक आइलैंड्स के खिलाफ जापान के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

Abhishek Anand

इसके बाद वह टीम के नियमित सदस्यों में शामिल हो गए। अब तक उन्होंने 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 275 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 55 रन है। गेंदबाजी में उनके नाम एक विकेट दर्ज है।

अभिषेक की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने क्रिकेट को अपना मुख्य करियर बनाए बिना खेल में पहचान बनाई।

नौकरी के साथ क्रिकेट जारी रखा और इसी जुनून ने उन्हें जापान की राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा दिया।

भारत-जापान के बीच पहली बार होगा T20

भारत और जापान के बीच 22 सितंबर को तोचिगी प्रांत के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में ऐतिहासिक मुकाबला खेला जाएगा।

यह दोनों देशों के बीच पहला पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच होगा। मुकाबला भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया जा रहा है।

साथ ही दोनों टीमें एशियन गेम्स की तैयारी के लिहाज से भी इसे अहम मुकाबले के तौर पर देख रही हैं।

जापान की 15 सदस्यीय टीम: केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिंज, बेंजामिन इतो-डेविस, एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा-नायरन, वतरू मियाउची, रेओ सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पटमोर, शोमा सुगया-स्लेटर, डेक्लान सुजुकी, त्सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा और लाचलान यामामोटो-लेक।

Also Read: बेसबॉल के देश में क्रिकेट का ऐतिहासिक मुकाबला, वैभव-अभिषेक की जोड़ी पर नजरें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.