छोटी घटना पर भी तुरंत हो एक्शन, डीएम-एसपी खुद रखें नजर, सीएम योगी के सख्त निर्देश
CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तेजी बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग छोटी घटनाओं को बड़ा रूप देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में प्रशासन को हर घटना पर नजर रखनी होगी।
डीएम-एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचें
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलों में छोटी से छोटी घटना की जानकारी मिलते ही डीएम और एसपी स्वयं निगरानी करें। जरूरत पड़ने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचें, पीड़ितों की बात सुनें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी मामले में उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, राजस्व और बिजली से जुड़ी शिकायतों के प्रार्थना पत्र लिए। उन्होंने कहा कि सरकार साढ़े नौ साल से बिना भेदभाव लोगों की समस्याओं का समाधान करा रही है। अधिकारियों को पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, मरीजों के इलाज की व्यवस्था करने और भूमाफिया व दबंगों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस-राजस्व की शिकायतों पर सख्ती
मुख्यमंत्री के सामने सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी आईं। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से जनसमस्याओं का समाधान कराने को कहा। मातहतों की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बच्चे से बातचीत ने माहौल किया हल्का
जनता दर्शन में मां के साथ आए एक बच्चे से सीएम योगी ने पढ़ाई के बारे में पूछा और उसे चॉकलेट दी। चॉकलेट वापस मांगने पर बच्चे ने मना कर दिया, जिससे पूरा हॉल खिलखिला उठा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को अच्छे भविष्य का आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा।
Also Read: Lucknow News: अखिलेश यादव ने बताया सपा का चुनावी प्लान, बोले- जनता के बीच जाएंगे कार्यकर्ता

