UP Chunav 2027: सुल्तानपुर से बसपा का प्रत्याशी घोषित, इम्तियाज अहमद भुट्टो को टिकट
BSP Sultanpur Candidate: बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सुल्तानपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने इम्तियाज अहमद भुट्टो (Imtiaz Ahmed Bhutto) को विधानसभा सीट-188 का प्रभारी और प्रत्याशी बनाया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सोमवार को तिकोनिया पार्क में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।
बसपा के मुताबिक, यह फैसला पार्टी प्रमुख मायावती (Mayawati) के निर्देश पर लिया गया है। इसके साथ ही सुल्तानपुर जिले में बसपा ने अब तीन सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। लंभुआ से शैलेंद्र सिंह और जयसिंहपुर सदर से मधुबाला वर्मा के नाम पहले ही सामने आ चुके हैं। इसौली और कादीपुर सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा अभी बाकी है।
विश्वनाथ पाल का अखिलेश यादव पर हमला
उम्मीदवार की घोषणा से पहले विश्वनाथ पाल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके PDA को ‘धोखा’ बताया। पाल ने कहा कि केवल नीला रंग पहनने और बाबा साहब की तस्वीर लगाने से बहुजन समाज को धोखा नहीं दिया जा सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब के नाम पर बने भीमनगर जिले का नाम बदलकर संभल किया गया। इसी आधार पर उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव बाबा साहब का नाम स्वीकार नहीं कर पाते तो उनकी तस्वीर लगाने का क्या मतलब है। ये विश्वनाथ पाल के आरोप हैं।
BSP का अकेले चुनाव लड़ने की बात पर जोर
UP को चार हिस्सों में बांटने की ओपी राजभर की मांग पर भी पाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दूसरे दल घोषणाएं और बयान करते हैं, जबकि मायावती के कार्यकाल में नए जिले और मंडल बनाए गए। उन्होंने सुल्तानपुर के विकास के लिए छत्रपति साहू जी के नाम पर नया जिला बनाने और बस्ती व देवी पाटन मंडल के गठन का उदाहरण दिया।
गठबंधन को लेकर पाल ने कहा कि कई दल बसपा से गठबंधन करना चाहते हैं, लेकिन मायावती ने 2007 की तर्ज पर जनता के गठबंधन के साथ अकेले चुनाव लड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के फैसले के साथ बसपा कार्यकर्ता खड़े हैं।
Also Read: BJP को संजय निषाद की खुली चेतावनी, बोले- ‘आरक्षण नहीं मिला तो आपको भी मिलेगा धोखा’

