लखीमपुर खीरी के स्कूल में शिक्षिका को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत
Lakhimpur kheri News: लखीमपुर खीरी में शहर के शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। पहली मंजिल के क्लासरूम में एक युवक ने महिला शिक्षिका को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत भारी पुलिस बल स्कूल पहुंचा।
दो असलहों के साथ क्लासरूम में पहुंचा युवक
पुलिस के मुताबिक मृत शिक्षिका की पहचान 26 वर्षीय निशात फातिमा के रूप में हुई है। वहीं गोली चलाने वाला युवक 28 वर्षीय सऊद अंसारी, निवासी नौरंगाबाद बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सऊद दो तमंचे लेकर स्कूल पहुंचा था। वह पहली मंजिल पर शिक्षिका के क्लासरूम तक गया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने निशात फातिमा को गोली मार दी। फिर अपनी कनपटी पर गोली मारकर जान दे दी।

घटना के वक्त क्लासरूम में बच्चे मौजूद थे। गोलियों की आवाज सुनते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शिक्षक उन्हें संभालकर बाहर लाए और परिजनों के साथ घर भेजा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी अन्य छात्र या स्टाफ के घायल होने की सूचना नहीं है।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पुलिस जांच में शिक्षिका और युवक के बीच पूर्व परिचय की बात सामने आने की जानकारी है। आपसी विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूल का छात्र या कर्मचारी नहीं होने के बावजूद युवक हथियारों के साथ परिसर और क्लासरूम तक कैसे पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। कुछ वर्ष पहले इसी स्कूल में एक छात्र की मौत भी हुई थी। घटना के बाद अन्य स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठ रही है।

