लखनऊ KGMU में नर्सिंग छात्रा की मौत पर बवाल, सैकड़ों छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासन पर गंभीर आरोप

Lucknow KGMU Students Protest: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में नर्सिंग छात्रा की मौत के बाद सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। 2025 बैच की छात्रा दिव्यांशी यादव की इलाज के दौरान मौत से नाराज सैकड़ों नर्सिंग छात्र-छात्राएं नर्सिंग विभाग में जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने विभाग का घेराव करते हुए धरना दिया। इस दौरान परिसर में लगातार ‘We Want Justice’ के नारे लगाए गए। छात्रों ने छात्रा की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख डीन नर्सिंग समेत KGMU के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे।

छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन (Lucknow KGMU Students Protest) कर रहे छात्रों का आरोप है कि दिव्यांशी यादव की पिछले कई दिनों से तबीयत खराब थी। उसकी हालत को देखते हुए उसने कॉलेज प्रशासन से इलाज और आराम के लिए छुट्टी मांगी थी। छात्रों के मुताबिक, प्रशासन ने कथित तौर पर उसकी गंभीर स्थिति को नजरअंदाज करते हुए छुट्टी देने से इनकार कर दिया।

छात्रों का कहना है कि समय पर आराम और उचित इलाज नहीं मिल पाने के कारण दिव्यांशी की हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद करीब तीन दिन पहले इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर सामने आने के बाद साथी छात्रों में आक्रोश फैल गया और सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नर्सिंग विभाग पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे।

फिलहाल प्रदर्शनकारी छात्र प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों पर KGMU प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

Also Read: लखनऊ में CM आवास के पास टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.