UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 IAS अफसरों का तबादला, 14 जिलों के DM बदले
UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया। राज्य सरकार ने 34 IAS अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की है। इनमें 14 जिलों के जिलाधिकारी (DM) भी शामिल हैं।
मुरादाबाद, हरदोई, कानपुर नगर, एटा, अमेठी, कुशीनगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं।
तबादला सूची के मुताबिक हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का नया डीएम बनाया गया है, जबकि विशेष सचिव राज्य कर राहुल पाण्डेय को हरदोई की जिम्मेदारी दी गई है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं एटा के डीएम अरविंद सिंह को विशेष सचिव खाद्य एवं रसद के पद पर भेजा गया है।

कानपुर से अमेठी तक बदले डीएम
अमेठी के डीएम संजय चौहान को कुशीनगर भेजा गया है, जबकि कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर अब कानपुर नगर के डीएम होंगे। कानपुर नगर के मौजूदा डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अनुज मलिक को संतकबीरनगर का डीएम नियुक्त किया गया है। संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार अब पीलीभीत की कमान संभालेंगे। पीलीभीत के डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह को बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है।
वहीं इन्वेस्ट यूपी और यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी को अमेठी का डीएम बनाया गया है। मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल अब बागपत के जिलाधिकारी होंगे। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव प्रभास कुमार को महोबा का डीएम बनाया गया है।
बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में भी नई तैनाती
विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का नया डीएम बनाया गया है। नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अशोक कुमार को हमीरपुर का डीएम बनाया गया है।
इसके अलावा बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। महोबा की डीएम गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। बागपत की डीएम अस्मिता लाल को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण बनाया गया है और हमीरपुर के डीएम अभिषेक गोयल को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग भेजा गया है।
कुल 34 तबादलों में 14 जिलाधिकारियों के अलावा 20 अन्य IAS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। मुरादाबाद के डीएम राजेंद्र पैंसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार बनाया गया है, जबकि हाथरस के डीएम अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Also Read: छोटी घटना पर भी तुरंत हो एक्शन, डीएम-एसपी खुद रखें नजर, सीएम योगी के सख्त निर्देश



