TGT-PGT भर्ती नियमों पर CM योगी का बड़ा निर्देश, NCTE से राहत का रास्ता तलाशेगी सरकार
UP Teacher Recruitment: लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को एडेड माध्यमिक स्कूलों में चयनित 3567 प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र बांटे। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह में 5297 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
सीएम योगी ने प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी भर्ती को लेकर धरना दे रहे अभ्यर्थियों का भी जिक्र किया। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी को निर्देश दिया कि NCTE को तुरंत पत्र लिखा जाए, ताकि एक बार के लिए इन युवाओं को राहत देने की व्यवस्था पर विचार हो सके।
17,740 पदों पर होनी है भर्ती
दरअसल, टीजीटी-पीजीटी के 17,740 पदों पर आगे भर्ती होनी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नियमावली में संशोधन कर TET को अनिवार्य करने और PG में 50 प्रतिशत अंक जैसी शर्तें लागू की हैं। इन बदलावों को लेकर प्रयागराज में छात्र आमरण अनशन कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मौका मिले या निश्चित समय के बाद वे भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
प्रयागराज में कुछ युवा धरने पर बैठे हैं, मैंने माध्यमिक शिक्षा के मंत्री जी से आज कहा है कि NCTE को पत्र लिखें…
कोई ऐसी व्यवस्था बना दो कि एक समय के बाद 'वे' उसमें अपीयर हो सकें… pic.twitter.com/4Vk4BSYOU5
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 22, 2026
प्रबंधक ने पैसा मांगा तो जेल भेजेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र पाने वाले किसी शिक्षक या प्रधानाचार्य से तैनाती के लिए पैसा मांगने वाले प्रबंधक को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग को इसे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सीएम ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने नियुक्ति पत्रों की संख्या गिनने को लेकर तंज कसते हुए शिवपाल यादव का जिक्र किया। सीएम ने कहा कि पिछले वर्षों में करीब 9.5 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
Also Read: लोहिया संस्थान में सफाई कर्मियों का हंगामा, 2 साथियों से मारपीट का आरोप

