वाराणसी: दोस्तों से लगी शर्त बनी जानलेवा, पिशाचमोचन कुंड पार करने उतरे युवक की डूबने से मौत

Varanasi News: वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में दोस्तों के साथ लगाई गई शर्त 35 वर्षीय राजू कुमार की जान ले गई। राजू ने अपने दो दोस्तों से पिशाचमोचन कुंड (Pisachmochan Kund) को तैरकर पार करने की शर्त लगाई थी। कुछ दूर तक तैरने के बाद वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

बताया जा रहा है कि राजू और उसके दोनों दोस्तों ने घटना से पहले शराब पी रखी थी। राजू को तैरना आता था, लेकिन नशे की हालत में वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और NDRF की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को कुंड से बाहर निकलवाया।

इसके बाद राजू को कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव को लेकर पुलिस और परिजनों में धक्का-मुक्की

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की तो परिजनों से विवाद हो गया। इस दौरान पुलिस और परिवारवालों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। परिजन शव लेकर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद उसे वापस लेकर आए। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।

राजू बड़ी मलदहिया इलाके में रहता था और पास की फूल मंडी में मजदूरी करता था। बताया गया कि काम से पैसे मिलने के बाद वह अक्सर दोस्तों के साथ शराब पीने चला जाता था। पुलिस घटना की आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Also Read: Jalaun News: थाना प्रभारी ने बीजेपी नेता से कराया नागिन डांस, एसपी ने किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.