ज़्यूरिख एयरपोर्ट पर नशे में मिला Air India का को-पायलट, फ्लाइट उड़ाने से रोका, ड्यूटी से सस्पेंड

Air India Co-Pilot Suspended: एयर इंडिया के एक और को-पायलट पर नशे की हालत में ड्यूटी करने के आरोप में कार्रवाई हुई है। ज़्यूरिख एयरपोर्ट (Zurich Airport) पर 6 सितंबर को दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI151 के संचालन से पहले को-पायलट का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। पहली स्क्रीनिंग में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे विमान उड़ाने से रोक दिया गया। मामले की फाइनल मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी है।

एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों को को-पायलट के मुंह से शराब की गंध आने का संदेह हुआ था। इसके बाद उसका ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया, जिसमें शुरुआती रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एयर इंडिया ने खुद स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की गई।

फ्लाइट उड़ाने से रोका, यात्री बनकर लौटा भारत

स्थानीय अधिकारियों से शुरुआती टेस्ट रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद को-पायलट (Co-Pilot) को ऑपरेटिंग ड्यूटी से हटा दिया गया। उसे आगे की मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और बाद में यात्री के तौर पर भारत वापस भेज दिया गया। एयरलाइन ने फाइनल मेडिकल जांच रिपोर्ट और पूरी जांच होने तक उसे सस्पेंड कर दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के नतीजे सामने आने के बाद नियमों के मुताबिक उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एयरलाइन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

FOCA ने की कार्रवाई की पुष्टि

स्विस फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (FOCA) के प्रवक्ता ने शुक्रवार को PTI को बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जरूरी कदम उठाए गए। ऑपरेटर और भारत के डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को भी मामले की जानकारी दी गई।

FOCA के अनुसार, घटना के कारण ज़्यूरिख से दिल्ली जाने वाली AI151 फ्लाइट अपने निर्धारित समय के अनुसार ऑपरेट नहीं की जा सकी।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब करीब एक महीने पहले एयर इंडिया ने दिल्ली-फुकेट फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड को साइकोएक्टिव पदार्थ के टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद नौकरी से निकाल दिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद एयरलाइन के क्रू से जुड़े सुरक्षा और मेडिकल प्रोटोकॉल पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Also Read: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस, देशभर में उग्र प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.