वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, CCTV खंगाल रही पुलिस
Vrindavan News: मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह वाराह घाट इलाके की गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग में रहते थे। पुलिस के मुताबिक, रसिक दुलारी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर गए थे। कुछ देर बाद वह नीचे गंभीर हालत में मिले।
उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
CCTV और मोबाइल की जांच
सीओ संदीप सिंह के अनुसार, पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला है, जिसमें रसिक दुलारी के बिल्डिंग से गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने कमरे से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना से पहले रसिक दुलारी की किससे बातचीत हुई थी और उनकी मानसिक स्थिति व परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जानकारी के लिए मोबाइल डेटा की जांच की जा रही है।
SP सिटी राजीव कुमार ने बताया कि परिवार मथुरा पहुंच गया है और थाने में शिकायत भी दी गई है। परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें रसिक से मिलने नहीं दिया जाता था। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
दो साल पहले ली थी दीक्षा
रसिक दुलारी शरण मूल रूप से जबलपुर, मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले वह वृंदावन आए और प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली। उनका पहले नाम दीपक लोधी था। बिजली का काम जानने के कारण आश्रम में उन्हें इसी सेवा से जोड़ा गया था। करीब तीन महीने पहले उन्हें गुरु कृपा कुंज में रहने के लिए कमरा मिला था।
गुरु कृपा कुंज में आश्रम से जुड़े 50 से अधिक शिष्य और सेवादार रहते हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच, CCTV और मोबाइल डेटा के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

