आगरा में करोड़ों की जमीन को लेकर भतीजे ने सिलबट्टे से की चाचा की हत्या, 24 घंटे में खुलासा
Agra News: आगरा के अछनेरा क्षेत्र के गांव सहाई में 42 वर्षीय किसान धर्मवीर की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। गुरुवार रात घर में सो रहे धर्मवीर पर सिलबट्टे से सिर पर कई वार किए गए। पुलिस ने मामले में उनके भतीजे दुष्यंत को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल उसके दोस्त शिवम की तलाश की जा रही है।
धर्मवीर अविवाहित थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह घर में अकेले रहते थे। शुक्रवार सुबह पशुओं को चारा डालने नहीं पहुंचे तो भतीजे सौरभ ने फोन किया। जवाब नहीं मिलने पर वह घर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने दीवार कूदकर अंदर प्रवेश किया तो धर्मवीर का खून से लथपथ शव मिला।
भतीजे ने दोस्त के साथ मिलकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे दुष्यंत अपने दोस्त शिवम के साथ धर्मवीर के घर पहुंचा और छिपकर बैठ गया। धर्मवीर के घर लौटने पर दोनों ने हमला कर दिया। दुष्यंत ने सिलबट्टे से सिर पर वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।
डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह के मुताबिक, दुष्यंत को आशंका थी कि उसका चाचा उसे मार सकते हैं। पूछताछ में उसने इसी वजह से हत्या करने की बात बताई। धर्मवीर के नाम करीब तीन बीघा जमीन थी, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। कुछ समय पहले उन्होंने खेत बेच भी दिया था।
फोरेंसिक जांच में मिले अहम सुराग
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच में जमीन पर खून के निशान और आंगन से कमरे की ओर जूते का फुटप्रिंट मिला। इससे पुलिस को आरोपी के जूते का नंबर भी पता चला। पुलिस अब शिवम की तलाश कर रही है।
Also Read: मेरठ में सिपाही पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, पिस्टल दिखाकर धमकाया

