PM मोदी का कल वाराणसी दौरा, एयर शो में होंगे शामिल, 11 जगहों पर स्वागत की तैयारी

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचेंगे। करीब चार घंटे के इस दौरे में वह मिर्जामुराद स्थित अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नमोघाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित एयर शो में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन से नमोघाट तक 11 स्थानों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। इन जगहों पर ढोल-नगाड़े, डमरू दल, शंखनाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उनका अभिनंदन किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा करने की भी तैयारी है।

सुबह 10 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे पीएम मोदी, फिर अरविंद मिल का उद्घाटन

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जामुराद जाएंगे और अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से नमोघाट जाएंगे, जहां गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना का एयर शो आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भारतीय वायुसेना का एयर शो

अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और काशी के लोग तय किए गए स्वागत केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। वहां गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया जाएगा।

पुलिस लाइन से नमोघाट तक 11 जगहों पर स्वागत केंद्र

भाजपा ने प्रधानमंत्री के स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए शहर में 11 स्थान तय किए हैं। इन जगहों पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान दिखाई जाएगी।

स्वागत केंद्र इन स्थानों पर बनाए गए हैं:

  • पुलिस लाइन मुख्य द्वार
  • पुलिस लाइन चौराहा
  • खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने
  • हुकुलगंज तिरमुहानी
  • चौकाघाट लकड़ी मंडी
  • सिटी स्टेशन के सामने
  • गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास
  • भदऊं चुंगी
  • रेलवे पुल से पहले
  • नमोघाट जाने वाली ढलान
  • नमोघाट मोड़ पर सीएनजी स्टेशन के सामने

इन सभी जगहों पर ढोल-नगाड़े, डमरू दल और शंखनाद के बीच ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करने की योजना है। नमोघाट पर भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। भाजपा ने कार्यकर्ताओं को स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि पूरे रास्ते उत्सव जैसा माहौल रहे।

दोपहर 2 बजे के बाद दिल्ली रवाना होंगे प्रधानमंत्री

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, नमोघाट पर आयोजित एयर शो दोपहर करीब 2 बजे समाप्त होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे।

पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर के जरिए बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए भाजपा ने स्वागत संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.