Lucknow News: कांग्रेस के 200 सीटों के दावे वाले पोस्टर से यूपी में सियासी हलचल तेज, सपा से गठबंधन पर संकट
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच अब तक आधिकारिक गठबंधन का ऐलान नहीं हो सका है। दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे की खींचतान के बीच राजधानी लखनऊ में लगे कांग्रेस के एक नए पोस्टर ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। इस पोस्टर में कांग्रेस ने प्रदेश की 200 सीटों पर अपना दावा ठोंकते हुए लिखा है- 200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा।
25 अक्टूबर 2026 को सामने आए इस पोस्टर के बाद सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या इंडिया गठबंधन में सीटों को लेकर दबाव की राजनीति शुरू हो चुकी है। लखनऊ में लगाए गए इस विवादित पोस्टर में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की तस्वीरें प्रमुखता से लगाई गई हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की सफलता से उत्साहित कांग्रेस इस पोस्टर के जरिए संदेश देना चाहती है कि वह राज्य में बराबरी का हक चाहती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर सीटों के मोलभाव के दौरान मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है। यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहले ही संकेत दे चुके थे कि पार्टी ने 170 से 200 सीटों की सूची तैयार की है, लेकिन अब इसे पोस्टर के माध्यम से सीधे सड़क पर प्रदर्शित कर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कोशिश की जा रही है।
175 सीटों की सूची सौंपने की आई थी बात
इससे पहले यह जानकारी सामने आई थी कि कांग्रेस ने अपनी तरफ से 175 सीटों की एक सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी अपने रामपुर दौरे के दौरान कांग्रेस से सूची मिलने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि चर्चाएं तो बहुत चल रही हैं, लेकिन असल सच्चाई किसी को पता नहीं है। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को सुलझाने के लिए एक संयुक्त कमेटी बनाने की बात चल रही थी, लेकिन इस नए 200 सीटों वाले पोस्टर के आने से रिश्तों में तल्खी आने की आशंका बढ़ गई है।
कांग्रेस के 200 सीटों के पोस्टर पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई तीखी आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। हालांकि, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि सपा, कांग्रेस को 50 से 70 सीटों से अधिक देने के मूड में बिल्कुल नहीं है।
Also Read: लखनऊ जिला कोर्ट परिसर में वकीलों के अवैध चैंबरों पर चला नगर निगम का बुलडोजर

