लखनऊ जिला कोर्ट परिसर में वकीलों के अवैध चैंबरों पर चला नगर निगम का बुलडोजर

Lucknow News: लखनऊ के जिला कोर्ट परिसर में रविवार को अवैध रूप से बने वकीलों के चैंबरों पर नगर निगम की ओर से बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। मौके पर 10 बुलडोजर लगातार अवैध निर्माण को गिराने में जुटे हैं, जबकि ध्वस्त किए जा रहे चैंबरों का मलबा तुरंत हटाने के लिए 10 हाइवा गाड़ियां भी तैनात की गई हैं। किसी भी संभावित विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल मौजूद है।

हाईकोर्ट से अपील हो चुकी है खारिज

नगर निगम ने कोर्ट परिसर में अवैध रूप से बने कुल 211 वकीलों के चैंबरों को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए चिह्नित किया है। इससे पहले वकीलों ने नगर निगम की इस कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मई से अगस्त के बीच दो अलग-अलग चरणों में 72 अवैध चैंबर तोड़े जा चुके हैं।

नगर निगम प्रशासन ने इस ध्वस्तीकरण अभियान से पूर्व संबंधित वकीलों को विधिवत नोटिस जारी किए थे। नोटिस के जवाब में नगर निगम को कुल 14 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं, जिनका प्रशासन द्वारा नियमानुसार समाधान और निस्तारण भी कर दिया गया।

यह बुलडोजर कार्रवाई पहले 11 अक्तूबर को निर्धारित की गई थी, लेकिन उस समय आपत्तियों के लंबित रहने और मामला कोर्ट के विचाराधीन होने के कारण इसे अस्थायी रूप से टाल दिया गया था। अब सभी कानूनी प्रक्रियाएं और आपत्तियों का निस्तारण पूरा होने के बाद नगर निगम ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की है।

Also Read: केंद्र सरकार के ऑपरेशन ट्राइडेंट से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स कार्टेल का पर्दाफाश, 18 तस्कर गिरफ्तार, अमित शाह ने की तारीफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.