बंगाल की खाड़ी में बढ़ा चक्रवात अर्नब का खतरा, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में अलर्ट जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर तटीय राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जिसके 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश तट के करीब पहुंचने की प्रबल संभावना है। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश सरकारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

28 अक्टूबर को तट से टकराने की आशंका

मौसम विभाग और तटीय सुरक्षा एजेंसियों ने तटीय इलाकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के 28 अक्टूबर की दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के बीच टकराने (लैंडफॉल करने) की आशंका है। इसके प्रभाव से दोनों राज्यों के कई तटीय और आंतरिक जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बीच, तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में पूर्वोत्तर मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है, जिसके चलते पिछले 24 घंटों में कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है।

जीरो कैजुअल्टी हमारा प्राथमिक लक्ष्य: मोहन चरण माझी

संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी प्रशासनिक विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी संबंधित विभागों व आपदा प्रबंधन टीमों को पहले से ही जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का प्राथमिक लक्ष्य ज़ीरो कैज़ुअल्टी (शून्य जनहानि) सुनिश्चित करना है। इसके लिए निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों तथा राहत शिविरों में समय रहते पहुंचाने की अग्रिम योजना बनाई गई है।

Also Read: ‘कुत्ता तक नहीं पूछेगा, औकात पता चल जाएगी’, JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह का पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.