UP में ब्लड बैंकों पर FSDA की बड़ी कार्रवाई, 7 ब्लड सेंटरों के कामकाज पर रोक
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में मरीजों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला रक्त उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने रक्त केंद्रों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है। आयुक्त के निर्देश पर प्रदेश के 10 जिलों में चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी द्वारा संचालित 40 रक्त केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर सात रक्त केंद्रों में रक्त और उसके घटकों से जुड़ी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी गई। वहीं, अन्य केंद्रों में मिली कमियों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
औषधि निरीक्षकों की अंतरजनपदीय टीम इस अभियान को चला रही है। अधिकारियों के मुताबिक, रक्त की गुणवत्ता, जरूरी संक्रमण जांच, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण, स्टॉक प्रबंधन, कीमतों और प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता सहित कई मानकों की जांच की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लखनऊ में 13 रक्त केंद्रों की जांच, इन जिलों में भी पहुंची टीम
विशेष अभियान के तहत लखनऊ में सबसे ज्यादा 13 रक्त केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा आगरा और कानपुर में पांच-पांच, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में चार-चार तथा अलीगढ़ में तीन रक्त केंद्रों की जांच हुई।
गाजियाबाद और वाराणसी में दो-दो रक्त केंद्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं, गोरखपुर और प्रयागराज में एक-एक केंद्र की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रक्तदाताओं और रक्त लेने वाले मरीजों के रिकॉर्ड, जरूरी जांच की व्यवस्था, तापमान नियंत्रण, स्टॉक रजिस्टर और लाइसेंस की वैधता की पड़ताल की। इसके साथ ही केंद्रों पर जरूरी चिकित्सा अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की मौजूदगी भी जांची गई।
जरूरी संक्रमण जांच और रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
जांच में कुछ रक्त केंद्रों पर एलिसा और अन्य संक्रमण संबंधी जरूरी जांच में लापरवाही सामने आई। कुछ जगह रक्त प्राप्त करने वाले मरीजों का पूरा विवरण दर्ज नहीं किया गया था। इसके अलावा तापमान का रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर भी ठीक से नहीं रखे जाने की बात सामने आई।
कुछ केंद्रों पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले।
रक्त को सुरक्षित रखने के लिए एचआईवी, एचबीएसएजी, एचसीवी, वीडीआरएल और मलेरिया जैसे संक्रमणों की तय मानकों के अनुसार जांच जरूरी है। इसके साथ रक्त और उसके अलग-अलग घटकों को उचित परिस्थितियों में रखना तथा निर्धारित तापमान बनाए रखना भी आवश्यक है।
इन 7 रक्त केंद्रों में रक्त संबंधी गतिविधियों पर रोक
गंभीर अनियमितताओं के बाद जिन सात रक्त केंद्रों में रक्त और रक्त घटकों से संबंधित गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
- श्री बालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, आगरा
- न्यू बापू रक्त सेंटर, अलीगढ़
- मानया चैरिटेबल ब्लड सेंटर, गोरखपुर
- अनुभव चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखीमपुर खीरी
- लिटल स्टार ब्लड सेंटर, लखनऊ
- रामा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखनऊ
- केएचएस चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखनऊ
FSDA की ओर से अन्य रक्त केंद्रों में मिली कमियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों को रक्त और उसके घटक निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही उपलब्ध हों।
Also Read: मेरठ में फर्जी वोट बढ़ाने के वायरल ऑडियो पर चुनाव आयोग का जवाब, आरोपों को बताया निराधार

